आगरा, उत्तर प्रदेश .
IMA Agra: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA Agra) आगरा की महिला एवं बाल सशक्तिकरण समिति की ओर से सोमवार को आगरा के कमलानगर सिथत सरस्वती शिशु मंदिर में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम किया गया. जिसमें बच्चों में स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करना था. जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्कूली स्टूडेंट को विभिन्न विषयों पर जानकारी दी.
आईएमए आगरा के के सचिव डॉ. रजनीश मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम में डॉ. स्वाति द्विवेदी ने बच्चों को ‘गुड टच’ एवं ‘बैड टच’ के माध्यम से बच्चों को आत्म-सुरक्षा के प्रति जागरूक किया. डॉ. सुनीता पंजनवानी ने नेत्र स्वास्थ्य एवं आंखों की देखभाल पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए. डॉ. गायत्री ने एचपीवी वैक्सीन के महत्व एवं कैंसर की रोकथाम में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला. डॉ. हेमा सादाना ने किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया. इसके साथ ही डॉ. अनुपम त्यागी ने संतुलित आहार एवं नियमित व्यायाम के महत्व को सरल शब्दों में समझाया. डॉ. राहुल देव ने बच्चों को सुरक्षा एवं प्राथमिक उपचार की आवश्यक जानकारी दी. कार्यक्रम में डॉ. कविता भटनागर ने परीक्षा की तैयारी एवं प्रभावी अध्ययन समय-सारणी बनाने के व्यावहारिक उपाय बताए. कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अभिलाषा प्रकाश द्वारा प्रस्तुत किया.

IMA Agra की महिला एवं बाल सशक्तिकरण समिति सही पहल
आईएमए आगरा के अध्यक्ष डॉ. पंकज नागायच ने कहा कि बच्चों और किशोरों में स्वास्थ्य जागरूकता विकसित करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है. उपचार के साथ-साथ निवारक स्वास्थ्य एवं आत्म-सुरक्षा की जानकारी देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है. महिला एवं बाल सशक्तिकरण समिति का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है और समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है.
आईएमए का जारी रहेगा जनजागरुकता अभियान
आईएमए आगरा के सचिव डॉ. रजनीश मिश्रा ने कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, सुरक्षा-बोध और स्वस्थ जीवनशैली की मजबूत नींव रखते हैं. आईएमए आगरा भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखेगा और समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करता रहेगा. कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रबंधन द्वारा प्रदर्शित उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को अत्यंत सफल बनाया. आगरा में आईएमए का समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, निवारक चिकित्सा एवं बाल सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करता रहेगा.
