World Kidney Awareness Day; आज विश्व किडनी जागरुकता दिवस है. उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज में किडनी की बीमारी से जूझ रहे मरीजों को इलाज की बेहतर सुविधा मिल रही है.
आगरा.
World Kidney Awareness Day; किडनी ट्रांसप्लांट में ब्लड ग्रुप की दीवार अब टूट चुकी है. इनकंपेटिबल किडनी ट्रांसप्लांट (एबीओ) तकनीक से किडनी ट्रांसप्लांट हो रहे हैं. केजीएमयू लखनऊ व आरजीएमसी महाराष्ट्र जैसे हायर सेंटरों में इस तकनीक से लोग जीवनदाता बन रहे हैं. अलग ब्लड ग्रुप वाले डोनर की किडनी मरीज को लग रही है. उन्नत दवाओं और प्लाज्माफेरेसिस के द्वारा शरीर में मौजूद अलग ग्रुप की एंटीबॉडी को कम करके ट्रांसप्लांट को सफल बनाया जा रहा है. इसके साथ ही पेशाब में प्रोटीन और ब्लड में सीरम क्रिएटिनिन की जांच से किडनी रोग का पता लगाया जा सकता है. ये जानकारी एसएन मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलटी विंग के नेफ्रोलॉजी डिपार्टमेंट के एचओडी डॉ. अपूर्व जैन ने दी. उन्होंने बताया कि आज ‘विश्व किडनी जागरूकता दिवस’ है, जिसकी थीम ‘किडनी स्वास्थ्य सबके लिए : लोगों की देखभाल और पर्यावरण का संरक्षण’ है.

नेफ्रोलॉजी डिपार्टमेंट के एचओडी डॉ. अपूर्व जैन ने बताया कि एसएन मेडिकल कॉलेज में गरीब मरीजों के लिए फ्री डायलिसिस सेवा संजीवनी प्रदान कर रही है. एसएन मेडिकल कॉैलेज में डायलिसिस के करीब 225 मरीज पंजीकृत हैं. इनमें से 55-60 मरीजों की निशुल्क डायलिसिस हो रही है. इन मरीजों को परामर्श, डायलिसिस की आवश्यक दवाएं, उपचार और जांचें भी निशुल्क हैं. इसके साथ आयुष्मान कार्ड से भी उपचार किया जा रहा है.
World Kidney Awareness Day; गर्मी में किडनी मरीज रहें सतर्क
नेफ्रोलॉजी डिपार्टमेंट के एचओडी डॉ. अपूर्व जैन ने बताया कि एसएन में हर महीने 1,600 डायलिसिस के सेशन हो रहे हैं. मरीज की स्थिति के आधार पर सप्ताह में डायलिसिस दी जाती है. गर्मी में किडनी मरीजों को सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है. डायबिटीज और डिहाइड्रेशन के डबल अटैक का खतरा रहता है.

किडनी स्वस्थ रखने के लिए ये करें
● पर्याप्त पानी का सेवन करें (दिन में कम से कम 3 लीटर पानी)।
● नमक का सेवन कम करें।
● ब्लड शुगर और बीपी को कंट्रोल में रखें।
● वजन संतुलित रखें और नियमित व्यायाम करें।
● तनाव से दूर रहें।
