HPV Vaccine; देश में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से एचपीवी वैक्सीन की एक डोज बचाएगी. सरकारी अस्पतालों में ये वैक्सीन फ्री में बच्चियों को लगाई जाएगी. आगरा में अभी 55 हजार बेटियों को वैक्सीन लगेगी.
आगरा, उत्तर प्रदेश.
HPV vaccine; केंद्र सरकार ने बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव को वैक्सीनेशन की पहल की है. जिसमें हर प्रदेश में 14 वर्ष पूरा कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को टीका लगेगा. आगरा की बात करें तो सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले में 55787 बेटियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन लगाई जाएगी. जिसकी तैयारी अंतिम चरण में है. सर्वाइकल कैंसर से बचाव का आगरा में टीकाकरण 23 मार्च से शुरू होगा. इसको लेकर फिलहाल स्वास्थ्य विभाग को 13940 (HPV Vaccine) खुराक मिली हैं, इसलिए पहले चरण में इतनी ही बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा.

बता दें कि आगरा में बेटियों को अमेरिका की गार्डासिल-4 वैक्सीन लगाई जाएगी. जो एचपीवी 6, 11, 16 और 18 से सुरक्षा देती है. इनमें 6 और 11 से जननांगों में मस्से होते हैं, जबकि 16 और 18 सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारण हैं. वैक्सीन की 0.5 एमएल सिंगल डोज बाएं हाथ के ऊपरी हिस्से में दी जाएगी. इसके लिए अभी 14 वर्ष पूरा कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं भी चुनी गई हैं. जिसके चलते टीकाकरण सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक लगेंगे. एसएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल (लेडी लायल) और जिले के 15 ब्लॉकों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीन लगाई जाएगी. बालिकाओं को आयु प्रमाण के लिए आधार कार्ड साथ लाना होगा.
2 से 8 डिग्री में रहेगा भंडारण:
सर्वाइकल की वैक्सीन का 2 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच कोल्ड चेन में भण्डारण किया जा रहा है. केंद्रों पर इंटरनेट, लैपटॉप, कंप्यूटर और प्रिंटर की व्यवस्था रहेगी. पैरासिटामोल टैबलेट, पर्याप्त तरल पदार्थ और इंजेक्शन स्थल पर ठंडी सिकाई की व्यवस्था भी होगी.
55 हजार बेटियों को लगेगी वैक्सीन
आगरा के जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार बताते हैं कि जिले में अभी कम डोज आई हैं. इसलिए 13940 बच्चियों को खुराक लगाई जाएगी. इसके बाद में वैक्सीन की उपलब्धता के मुताबिक टीकाकरण किया जाएगा. जिसके चलते ही 14 से ऊपर और 15 साल से कम उम्र की बच्चियों को टीके लगाए जाएंगे.
इन बातें का रखा जाएगा ध्यान
● टीकाकरण से पहले अभिभावक की सहमति ली जाएगी.
● मध्यम या गंभीर बीमारी वाली बालिकाओं को टीका नहीं लगेगा.
● यीस्ट से एलर्जी होने पर टीकाकरण नहीं होगा.
● खाली पेट टीका नहीं लगेगा.
● टीका लगने के बाद 30 मिनट निगरानी में रखा जाएगा.
● 15 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं को टीका नहीं लगेगा.
● टीकाकरण के बाद दर्द, सूजन, लालिमा, बुखार या चक्कर आ सकते हैं.
निजी में 3 से 4 हजार की खुराक
बता दें कि गार्डासिल-4 वैक्सीन निजी इकाइयों में तीन से चार हजार रुपए में लगाई जाती है. सरकारी अस्पतालों में मुफ्त लगाई जाएगी. इसी तरह गार्डासिल-9 वैक्सीन 6, 11, 16, 18 के अलावा 31, 33, 45, 52 और 58 एचपीवी से रक्षा करती है. यह 90 फीसदी तक सर्वाइकल कैंसर से बचाती है. निजी में इसकी एक खुराक 9 से 11 हजार रुपए तक हो सकती है.
