IMA Agra: खांसी-बुखार के एक जैसे लक्षण, लेकिन बीमारी की वजह अलग हो सकती है; घर में बची दवा दूसरे को देना भी खतरनाक
आगरा, उत्तर प्रदेश।
IMA Agra: बुखार दोबारा आए है या खांसी ठीक होने के बाद फिर शुरू हो गई है तो पिछली बार डॉक्टर के लिखे पर्चे से एंटीबायोटिक खरीद कर खाना शुरू ना शुरू करें। घर में बची हुई एंटीबायोटिक किसी दूसरे मरीज को भी ना दें। ऐसा करना सेहत के लिए भारी पड़ सकता है। एक जैसे लक्षण होने के बावजूद बीमारी की वजह अलग-अलग हो सकती है और गलत एंटीबायोटिक का इस्तेमाल शरीर में दवाओं के प्रति प्रतिरोध यानी एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) को बढ़ावा देता है।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA Agra) आगरा की ओर से मंगलवार शाम विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह के समापन समारोह में विशेषज्ञों ने लोगों को यह महत्वपूर्ण जानकारी दी। मंगलवार को आईएमए भवन में आयोजित कार्यक्रम में बाल रोग, मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, सर्जरी और क्रिटिकल केयर के विशेषज्ञों ने एंटीबायोटिक के सही इस्तेमाल से लेकर कल्चर जांच और संक्रमण के इलाज तक के बारे में बताया।

कार्यक्रम में आईएमए आगरा के उपाध्यक्ष डॉ. शमशेर सिंह, मानद सचिव डॉ. मुकेश भारद्वाज, कोषाध्यक्ष डॉ. करन आर. रावत और एसएन मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. अंकुर गोयल समेत सरकारी और निजी क्षेत्र के वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।
बच्चों को एक जैसी बीमारी समझकर न दें एक ही दवा
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण जैन और डॉ. मुकेश भारद्वाज ने बताया कि बच्चों में होने वाला सामान्य सर्दी-जुकाम अक्सर वायरस के कारण होता है। ऐसे संक्रमण में एंटीबायोटिक का फायदा नहीं होता। दो बच्चों में एक जैसे लक्षण दिखाई देने का मतलब यह नहीं कि दोनों को एक ही दवा दी जाए। बिना डॉक्टर की सलाह के दवा देना नुकसानदायक हो सकता है। बच्चे को सांस लेने में परेशानी हो या वह दूध-पानी पीने में असमर्थ हो तो तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।
बुखार नहीं उतर रहा तो खुद न बदलें एंटीबायोटिक
फिजिशियन डॉ. शम्मी कालरा, डॉ. सचिन गोयल और आईएमए आगरा के संयुक्त सचिव डॉ. गौरव सिकरवार ने बताया कि बुखार बने रहने पर मरीज खुद से एंटीबायोटिक बदलने या दूसरी दवा शुरू करने की गलती न करें। डॉक्टर बुखार की अवधि, अन्य लक्षण और शारीरिक जांच के आधार पर तय करते हैं कि एंटीबायोटिक की जरूरत है भी या नहीं।
गर्भावस्था में पेशाब की जलन को न करें नजरअंदाज
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुश्री रावत ने बताया कि गर्भावस्था में पेशाब में जलन होने पर समय से जांच कराना जरूरी है। यूरिन संक्रमण में गर्भवती महिला को डॉक्टर की सलाह से सुरक्षित दवा दी जाती है। कल्चर रिपोर्ट आने के बाद यह भी देखा जाता है कि दी गई दवा संबंधित बैक्टीरिया पर असर कर रही है या नहीं।
सीआरपी और डब्ल्यूबीसी बढ़ने का मतलब एंटीबायोटिक जरूरी नहीं
पैथोलॉजिस्ट डॉ. ऋचा कुमार और एसएन मेडिकल कॉलेज की डॉ. आरती अग्रवाल ने बताया कि खून की जांच में सफेद रक्त कोशिकाओं (डब्ल्यूबीसी) की संख्या बढ़ने के कई कारण हो सकते हैं। इसी तरह सीआरपी बढ़ना शरीर में सूजन का संकेत है। केवल इन रिपोर्टों के आधार पर एंटीबायोटिक शुरू नहीं की जानी चाहिए। डॉक्टर मरीज के लक्षण, शारीरिक जांच और अन्य रिपोर्टों को मिलाकर इलाज का निर्णय लेते हैं।
कल्चर रिपोर्ट बताती है कौन सी एंटीबायोटिक करेगी असर
एसएन मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष एवं आईएमए आगरा के संपादक प्रो. डॉ. अंकुर गोयल और वरिष्ठ माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. बीएम अग्रवाल ने कल्चर रिपोर्ट की अहमियत बताई। उन्होंने समझाया कि रिपोर्ट में किसी एंटीबायोटिक के सामने ‘रेजिस्टेंट’ लिखा होने का मतलब है कि नमूने में मिले बैक्टीरिया पर उस दवा के असर की संभावना कम है। एंटीबायोटिक का बार-बार और अनावश्यक इस्तेमाल ऐसे प्रतिरोधी बैक्टीरिया को बढ़ने और फैलने का मौका देता है। इसलिए जांच और चिकित्सकीय सलाह के आधार पर ही दवा का चुनाव करना चाहिए।
ऑपरेशन के बाद कितने दिन खानी है दवा, यह भी समझें
सर्जन डॉ. समीर कुमार और डॉ. करन आर. रावत ने बताया कि ऑपरेशन के बाद एंटीबायोटिक कितने दिन चलेगी, यह टांके कटने की तारीख से तय नहीं होता। जिन ऑपरेशनों में संक्रमण से बचाव के लिए एंटीबायोटिक जरूरी होती है, उनमें चीरा लगाने से पहले ही दवा दी जाती है। ऑपरेशन के बाद संक्रमण होने पर जांच और मरीज की स्थिति के आधार पर इलाज तय किया जाता है।
सेप्सिस में एंटीबायोटिक देने में देरी हो सकती है जानलेवा
क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. अतिहर्ष अग्रवाल ने बताया कि बैक्टीरिया के संक्रमण के कारण जब शरीर के अंगों का काम प्रभावित होने लगे तो सेप्सिस की आशंका होती है। ऐसी गंभीर स्थिति में एंटीबायोटिक शुरू करने में देरी जानलेवा हो सकती है। बाद में कल्चर रिपोर्ट और मरीज की स्थिति के अनुसार डॉक्टर दवा जारी रखने, बदलने या बंद करने का फैसला लेते हैं।
18 से 24 नवंबर तक मनाया जाता है जागरूकता सप्ताह
हर साल 18 से 24 नवंबर तक विश्व एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध (एएमआर) जागरूकता सप्ताह मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम ‘One Health, One Action: Prevent AMR Now’ रखी गई है। आईएमए आगरा ने लोगों से अपील की कि डॉक्टर से पर्चा लेते समय यह जरूर समझें कि एंटीबायोटिक किस बीमारी के लिए दी गई है, कितनी मात्रा में और कितने दिन तक लेनी है। बिना सलाह दवा शुरू करना, बीच में छोड़ना या बची हुई दवा का दोबारा इस्तेमाल करना खतरनाक हो सकता है।
