Anemia News: यूपी में शासन के निर्देश पर गर्भवती महिलाओं की स्क्रीनिंग की गई. जिसमें 1364036 गर्भवतियों की जांच हुई. इनमें से 42357 गर्भवती गंभीर एनीमिया से पीड़ित मिलीं हैं.
आगरा, उत्तर प्रदेश।
Anemia News: गर्भावस्था के दौरान पोषक आहार की कमी और आयरन-फोलिक एसिड की दवा का पूरा कोर्स न करने से महिलाओं में एनीमिया (Anemia News) की समस्या गंभीर होती जा रही है. उत्तर प्रदेश में एक माह तक चली विशेष स्क्रीनिंग में 42 हजार से अधिक गर्भवतियां गंभीर एनीमिया से पीड़ित मिली हैं. आगरा समेत 10 जिलों में स्थिति अधिक चिंताजनक है. इन जिलों में एक-एक हजार से अधिक गर्भवतियां गंभीर एनीमिया की चपेट में मिली हैं.
एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत अगस्त में गर्भवती महिलाओं की जांच कराई. जांच में गर्भवतियों का हीमोग्लोबीन स्तर सात ग्राम प्रति डेसीलीटर से कम मिला है. शासन के निर्देश पर प्रदेशभर में एंटीनेटल केयर (एएनसी) के तहत पंजीकृत गर्भवतियों की हीमोग्लोबीन जांच कराई गई थी. जिसमें 1364036 गर्भवतियों की जांच कराई गई थी. जिसमें 42357 गंभीर एनीमिया से पीड़ित मिलीं हैं. इस बारे में चिकित्सकों का कहना है कि गर्भावस्था में गंभीर एनीमिया से कमजोरी और सांस फूलने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसके साथ ही प्रसव के दौरान जटिलताओं का खतरा बढ़ सकता है. इसका असर गर्भस्थ शिशु के विकास पर भी पड़ सकता है.
आगरा में सबसे अधिक 1885 गर्भवतियां गंभीर एनीमिक
शासन के निर्देश पर गर्भवती महिलाओं की जांच के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश की बात करें तो आगरा में सबसे अधिक 1885 गर्भवतियां गंभीर एनीमिया से पीड़ित मिलीं है. प्रयागराज में 1717, बदायूं में 1641, बुलंदशहर में 1620 और मेरठ में 1421 गर्भवती एनीमिया से ग्रसित मिली हैं. इसके अलावा पांच अन्य जिलों में भी एक हजार से अधिक गर्भवतियां गंभीर एनीमिया से पीड़ित मिली हैं.
