Dengue In Monsoon: आगरा में डेंगू की दस्तक से ग्रामीण दहशत में हैं. चार दिन में बुखार आने से बच्ची और किशोरी की मौत हुई है. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव का सर्वे किया तो बुखार के 28 नए मरीज मिले हैं. जिनकी भी डेंगू की जांच कराई गई है.
आगरा, उत्तर प्रदेश.
Dengue In Monsoon: मानसून में मच्छर जनित रोगों का खतरा अधिक रहता है. आगरा में इस मौसम में डेंगू ने दस्तक दे दी है. आगरा के शमशाबाद ब्लॉक के गांव बडोवरा में चार दिन में डेंगू से एक बच्ची और किशोरी की मौत से खलबली मच गई है. बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने गांव में मेडिकल कैंप लगाया. जिसमें ग्रामीणों की जांच की. जांच में 28 और लोगों में डेंगू के लक्षण मिले हैं.
बता दें कि गांव बडोवरा में पांच साल की बच्ची और एक किशोरी की बुखार से मौत की खबर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत गांव में पहुंची. जहां पर मेडिकल टीम ने बच्ची और किशोरी के परिजन से बातचीत की. सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि बच्ची और किशोरी के परिजन ने निजी लैब में जांच कराने की जानकारी दी. ग्रामीण रामप्रकाश ने बताया कि मेरी पांच साल की बेटी अन्नु को तीन दिन से बुखार आ रहा था. उसे निजी अस्पताल में दिखाया और निजी लैब में जांच कराई. बच्ची की जांच रिपोर्ट आने से पहले ही उसकी शुक्रवार यानी आठ अर्गस्त को मौत हो गई. अब जांच रिपोर्ट में पता चला कि बेटी को डेंगू (Dengue In Monsoon) हुआ था. इससे पहले मुनिया जादौन की 15 वर्षीय बेटी रागिनी की पांच अगस्त को मौत हुई थी. उसे भी बुखार आया था. चार दिन में बच्ची और किशोरी की मौत से ग्रामीण दहशत में हैं.
28 संदिग्ध मरीजों की जांच को लिया सैंपल
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि बच्ची और किशोरी की बुखार आने से मौत पर गांव में पहुंची मेडिकल टीम ने मेडिकल कैंप लगाया. गांव में डोर टू डोर सर्वे किया. जिसमें 28 ऐसे मरीज मिले हैं. जो बुखार से ग्रसित हैं. इन्हें होने की आशंका को लेकर डेंगू की जांच के लिए सैंपल लिए हैं. इन बुखार के मरीजों को दवाएं दी गई हैं. इसके साथ ही दोनों बच्चियों का कहां और किसने इलाज किया. इस बारे में परिजन से बात की जा रही है.
