Swine Flu Alert; यूपी में स्वाइन फ्लू से माैत के बाद आगरा में स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है. जिसके चलते चिकित्सकों को प्रशिक्षण दिया गया है. इसके साथ ही टैमीफ्लू की 5000 टैबलेट का ऑर्डर दिया है.
आगरा, उत्तर प्रदेश.
Swine Flu Alert; केरल, कर्नाटक, दिल्ली-एनसीआर के बाद यूपी की राजधानी लखनऊ की दस्तक से यूपी सरकार ने अलर्ट जारी किया है. क्योंकि, लखनऊ में स्वाइन फ्लू (Swine Flu Alert) से पहली मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया. जिसमें चिकित्सकों को स्वाइन फ्लू के गंभीर लक्षण मिलने वाले मरीजों की ही जांच के आदेश दिए गए हैं. इसके साथ ही इलाज के लिए आगरा में टैमीफ्लू की 5000 टैबलेट शासन से मांगवाई हैं.
आगरा सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिस तरह से दिल्ली और लखनऊ में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़े हैं. उसको लेकर आगरा में पूरी तैयारी की है. स्वाइन फ्लू (Swine Flu Alert) को लेकर एसएन और जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड बनाया है. शासन से आई गाइडलाइन के बारे में सीएचसी प्रभारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर बता दिया है. चिकित्सकों को बताया कि सांस उखड़ने, छाती में दर्द होने समेत अन्य गंभीर लक्षण होने पर ही जांच करें. जिसकी सूचना भी तत्काल करें. इसके साथ ही शासन से आई नई गाइडलाइन के बारे में आईएमए आगरा को भेज दिया है. जिसके साथ ही निजी पैथोलॉजी की जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने, अस्पताल में मरीज भर्ती होने की जानकारी देनी के बारे में जानकारी देनी होगी.
आगरा के संचारी रोग नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति बताते हैं कि स्वाइन फ्लू (Swine Flu) सामान्य वायरल फीवर है. अन्य बीमारी से ग्रसित, गंभीर लक्षण या फिर दिल्ली से यात्रा करके आए हैं तो ऐसी स्थिति में जांच करानी है. आईएमए आगरा के अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच ने बताया कि चिकित्सकों को गाइडलाइन से अवगत कराया है. मरीज के इलाज और पुष्टि होने पर विभाग को जानकारी भी दी जाएगी.
Swine Flu Alert; कंट्रोल रूम का नंबर जारी
आगरा सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में स्वाइन फ्लू को लेकर कंट्रोल रूम बनाया है. जिसके मोबाइल नंबर 9458569043 और 0562-260412 हैं. यदि किसी क्षेत्र में कोई स्वाइन फ्लू का संदिग्ध मरीज मिले तो तत्काल कंट्रोल रूम पर सूचना दें. इन हेल्पलाइन नंबर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक जानकारी दे सकते हैं. मौके पर रैपिड रिस्पांस टीम भी पहुंचेगी.
