Swine Flu Alert; केरल, कर्नाटक के साथ ही दिल्ली में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या हर दिन बढ रही है. यूपी के कई जिलों में भी स्वाइन फ्लू के मरीज मिले हैं. जिससे ही आगरा जिले में भी खतरा बढ़ गया है.
आगरा, उत्तर प्रदेश.
Swine Flu Alert; केरल, कर्नाटक और दिल्ली में स्वाइन फ्लू (Swine Flu) के मामले बढ़ने के बाद यूपी में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है. प्रदेश के सभी जिलों में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट (Swine Flu Alert) जारी किया गया है. आगरा की बात करें तो स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी करके इलाज और जांच की तैयारियां तेज कर दी है. इसके लिए एसएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और सीएचसी में उपचार समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं. इसके साथ ही अतिरिक्त आइसोलेशन वार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं.
आगरा में स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी करके इलाज और जांच की तैयारियां तेज की हैं. जिले में जल्द ही रिस्पांस टीमें भी बनाई जाएंगी. जिसकी वजह यह है कि प्रतिदिन आगरा से दिल्ली हजारों लोगों का आना-जाना होता है. स्वाइन फ्लू एक संक्रामक बीमारी है. इसलिए, दिल्ली से आने और जाने वाले लोग इसकी चपेट में आने का खतरा अधिक है. अभी तक आगरा में स्वाइन फ्लू का संदिग्ध मरीज नहीं मिला है.
SNMC, जिला अस्पताल और सीएचसी पर उपचार की सुविधा
आगरा सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि लोगों को स्वाइन फ्लू से घबराने की जरूरत नहीं है. आगरा के एसएन मेडिकल काॅलेज, जिला अस्पताल और सभी सीएचसी पर इसके उपचार की सुविधा है. जिले में अतिरिक्त आइसोलेशन वार्ड बनाए जाएंगे. इस बारे में निर्देश दिए हैं. एसएनएमसी के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि एसएन की वायरोलॉजी लैब में जांच की सुविधा है. इसके साथ ही आइसोलेशन वार्ड भी बना गया है. जिससे इस बीमारी के मरीज मिलने पर उन्हें भर्ती करके उपचार शुरू किया जाएगा.
लक्षण दिखें तो लापरवाही ना बरतें
आगरा के संचारी रोग नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि स्वाइन फ्लू एक श्वसन संबंधी संक्रामक रोग है. जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से फैलता है. इसके लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. इस बीमारी के जैसे ही लक्षण दिखें तो उपचार शुरू कर दें. जिससे गंभीर हालत में मरीज नहीं पहुंचेगा.
स्वाइन फ्लू के लक्षण
- ठंड के साथ तेज बुखार
- सूखी खांसी होना.
- गले में खराश होना.
- मांसपेशियों होना.
- सिर में दर्द होना.
- नाक बहना.
- सांस फूलना.
- सीने में दर्द.
- होंठ नीले पड़ना.
- लगातार उल्टी होना.
