Agra News: आगरा के यमुनापार में प्रार्थना हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मरीज की मौत पर तीमारदारों ने हंगामा किया. हॉस्पिटल में तोड़फोड़ की. गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया. हंगामे पर स्टाफ मौके से भाग गया.
आगरा, उत्तर प्रदेश.
Agra News: ताजनगरी के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र स्थित प्रार्थना हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मरीज की मौत पर तीमारदारों ने हंगामा किया. तीमारदारों का आरोप था कि अस्पताल में गलत इंजेक्शन लगाया. जिससे मरीज की मौत हुई है. परिजन के हंगामे पर हॉस्पिटल का स्टाफ मौके से भाग गया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. अस्पताल में देर तक हंगामा हुआ.
यूपी के फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज निवासी कुलदीप कुमार को पैर में फ्रैक्चर हुआ था. जिस पर 15 अगस्त को गल्ला मंडी के पास प्रार्थना हॉस्पिटल में कुलदीप कुमार को भर्ती कराया गया था. परिजन ने बताया कि कुलदीप का पिछले 9 दिन से अस्पताल में उपचार चल रहा था.
डॉक्टर ने बताया कि उसके पैर में दो जगह फ्रैक्चर है. ऑपरेशन के लिए 23 अगस्त की तारीख तय की थी. जिस पर रविवार शाम करीब शाम 4 बजे हॉस्पिटल संचालक ने बाहर से किसी डॉक्टर को बुलाया. डॉक्टर के आने से पहले हॉस्पिटल स्टाफ ने कुलदीप को कोई इंजेक्शन लगाया. जिससे उसकी तबियत बिगड़ी. इतना ही नहीं, 10 मिनट में ही कुलदीप की मौत हो गई. कुलदीप की मौत से परिजन में चीख पुकार मच गई. परिजन ने हंगामा किया. आक्रोशित परिजन ने अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी. परिजन का हंगामा और तोड़फोड़ देखकर हॉस्पिटल से स्टाफ भाग गया. जब तक फिरोजाबाद से हॉस्पिटल आए तब तक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हॉस्पिटल में कोई भी डॉक्टर और स्टाफ मौजूद नहीं था.
मृतक कुलदीप के साले अंकित ने बताया कि शाम करीब 4 बजे उनकी जीजा से फोन पर बात हुई थी. उस समय उनकी हालत बिल्कुल ठीक थी. कहा था कि ऑपरेशन होने वाला है. इसके 30 मिनट बाद हमें जीजा कुलदीप के मौत की सूचना मिली. इस बारे में हमने पूछा तो अस्पताल के डॉ. अवधेश यादव ने फोन पर धमकाया भी था. जिस पर रात करीब 11 बजे तक परिजन हंगामा किया. ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने बताया कि परिजन जो तहरीर देंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
