Daily Insulin Is Over ? : एक विदेशी कंपनी ने दुनिया का पहला साप्ताहिक इंसुलिन इंजेक्शन भारत में लॉन्च है. कंपनी ने 700 यूनिट वाले एक पैक की कीमत 2611 रुपये तय की है.
आगरा, उत्तर प्रदेश.
Daily Insulin Is Over ? : भारत के डायबिटीज मरीजों के लिए राहत की खबर है. डायबिटिक मरीजों को सप्ताह में एक बार ही इंसुलिन इंजेक्शन लगाना होगा. अगले सप्ताह तक आगरा के दवा बाजार में ये इंसुलिन इंजेक्शन उपलब्ध होने की उम्मीद है. जिससे टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों को रोजाना इंसुलिन लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे सालभर में लगने वाले इंजेक्शनों की संख्या 365 से घटकर 52 रह जाएगी.
बता दें कि एक विदेशी कंपनी ने दुनिया का पहला साप्ताहिक इंसुलिन इंजेक्शन भारत में लॉन्च है. जो बड़ी संख्या में मरीजों और रोज इंजेक्शन लगाने की परेशानी को देखकर विकसित किया गया है. कंपनी ने 700 यूनिट वाले एक पैक की कीमत 2611 रुपये तय की है. इस हिसाब से एक यूनिट की कीमत करीब 3.73 रुपये रहेगी. जो मौजूदा दैनिक इंसुलिन की तुलना में 30 से 40 प्रतिशत तक कम बताई जा रही है. प्रतिदिन 10 यूनिट इंसुलिन लेने वाले मरीज को सप्ताह में लगभग 70 यूनिट की जरूरत होगी, जिस पर करीब 261 रुपये खर्च आएगा. फिलहाल केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने इसे केवल वयस्कों के लिए मंजूरी दी है. बच्चों और किशोरों पर चल रहे परीक्षण पूरे होने के बाद इसका दायरा बढ़ाया जा सकता है.
भारत में डायबिटीज के मरीज सबसे अधिक
दुनिया में डायबिटीज की बात करें तो भारत को डायबिटीज की राजधानी भी कहा जाता है. देश में करीब 10.1 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, जबकि 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज की स्थिति में हैं. इसके अलावा 9 लाख से अधिक लोग टाइप-1 डायबिटीज से जूझ रहे हैं. वहीं, टाइप-2 डायबिटीज के करीब 10 प्रतिशत मरीजों को भी इंसुलिन थेरेपी की जरूरत पड़ती है.
Daily Insulin Is Over ? : डर,दर्द और झिझक में राहत मिलेगी
एसएन मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन डिपार्टमेंट के एंडोक्राइनोलॉजिस्ट प्रोफेसर डॉ. प्रभात अग्रवाल ने बताया कि भारतीय डायबिटिक मरीज इंजेक्शन के डर, दर्द और झिझक के कारण कई बार समय पर इंसुलिन शुरू नहीं करते है. साप्ताहिक इंसुलिन से मरीजों को मानसिक और शारीरिक राहत मिलेगी। इसके अगले सप्ताह बाजार में आने की उम्मीद है.
आपूर्ति पर निर्भर रहेगी पूरी व्यवस्था
आगरा फार्मा एसोसिशन के मीडिया प्रभारी पुनीत कालरा ने बताया कि हर रोज इंसुलिन लेना कई मरीजों के लिए चुनौती का काम होता है. नया साप्ताहिक इंजेक्शन सभी डायबिटिक मरीज, जो इंसुलिन लेते हैं. उनको राहत देगा, लेकिन इसकी उपलब्धता निर्माता कंपनी की आपूर्ति व्यवस्था पर निर्भर करेगी.
