आगरा.
Agra News; आगरा में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) आगरा और इंडियन सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन (ISCCM) आगरा शाखा (Agra News) ने सोमवार देर शाम “अंगदान जागरूकता कार्यक्रम” की शुरुआत की. जो एक जनजागरूकता अभियान है. जिसमें 13 अगस्त 2026 तक दस दिन विभिन्न स्थानों पर अंगदान महादान को लेकर जनजागरुकता की जाएगी. इस अभियान का उद्देश्य समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को अंगदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करना है. आईएमए भवन में आयोजित कार्यक्रम में सभी चिकित्सकों ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में अंगदान के प्रति जागरूक होने तथा इस महाअभियान में सहभागिता निभाने की अपील की है. कहा कि इस अभियान का संदेश अंगदान करें, जीवनदान दें हैं.

आईएमए आगरा शाखा के प्रेसिडेंट डॉ. पंकज नागाइच ने बताया कि “अंगदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है. एक व्यक्ति का निर्णय कई लोगों को नया जीवन दे सकता है. समाज के प्रत्येक नागरिक को इस पुनीत कार्य के लिए आगे आना चाहिए. इंडियन सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन (ISCCM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रणवीर त्यागी ने बताया कि ब्रेन डेथ के बाद अंगदान अनेक गंभीर रोगियों के लिए जीवन की नई आशा बनता है. चिकित्सकों और समाज को मिलकर अंगदान के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करना होगा. आईएमए आगरा शाखा के सचिव डॉ. राजनेश कुमार मिश्रा का कहना है कि यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लोगों को अंगदान की प्रक्रिया, उसके महत्व और कानूनी पहलुओं की भी सही जानकारी प्रदान करेगा.

Agra News; क्रिटिकल केयर अंगदान की जरूरत अधिक
आईएमए आगरा शाखा के कोषाध्यक्ष डॉ. मुकेश भारद्वाज का कहना है कि अंगदान सबसे बड़ा दान है. यदि समाज इस दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करे तो हजारों लोगों को नया जीवन मिल सकता है. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. पराशांत लवानिया ने कहा कि युवाओं की भागीदारी इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति होगी. जागरूक युवा ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं. डॉ. दीप्तिमाला अग्रवाल ने कहा कि क्रिटिकल केयर में हम प्रतिदिन अंग प्रत्यारोपण की आवश्यकता को देखते हैं. यदि समय पर अंगदान से कई मरीजों के लिए जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर साबित हो सकता है.

Agra News; महिलाएं समझें अंगदान के महत्व
डॉ. सीमा सिंह ने कहा कि अंगदान के प्रति समाज में संवेदनशीलता और सही जानकारी विकसित करना समय की आवश्यकता है. प्रत्येक परिवार को इस विषय पर खुलकर चर्चा करनी चाहिए. एसएन मेडिकल कॉलेज नेत्र रोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. शैफाली मजूमदार का कहना है कि महिलाएँ परिवार की निर्णयकर्ता होती हैं. यदि वे अंगदान के महत्व को समझें और आगे बढ़कर संदेश दें तो यह अभियान और अधिक प्रभावी होगा.
Agra News; अंगदान जीवन का उत्सव
डॉ. करण रावत ने कहा कि युवा चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों को भी अंगदान जागरूकता अभियान का सक्रिय हिस्सा बनना चाहिए ताकि यह संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे. आईएमए के पूर्व प्रेसिडेंट डॉ. अनुप दीक्षित ने कहा कि जनभागीदारी से ही अंगदान आंदोलन सफल होगा. प्रत्येक नागरिक का छोटा-सा संकल्प अनेक परिवारों में खुशियाँ लौटा सकता है. कृष्णा हॉस्पिटल के डॉ. अरविंद यादव ने कहा कि अंगदान जीवन का उत्सव है. आइए, हम सभी मिलकर समाज में यह संदेश दें कि मृत्यु के बाद भी जीवनदान संभव है.
