UP News; आगरा के अस्पतालों में कांच की केबिन, हरा पर्दा, चलताऊ वेंटिलेटर और आईसीयू तैयार मिले. 85 अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी किए हैं.
आगरा, उत्तर प्रदेश.
UP News; उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने आंख मूंदकर अस्पतालों का पंजीकरण किए. यह हकीकत स्वास्थ्य विभाग की टीम की जांच में सामने आ रही है. जिसमें स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम ने पंजीकृत 496 अस्पतालों में से महज 140 अस्पतालों की निरीक्षण किया तो अस्पतालों में मानक फेल मिले हैं. अस्पतालों में कांच की केबिन, हरा पर्दा, चलताऊ वेंटिलेटर और आईसीयू तैयार मिले. मगर, आईसीयू एक्सपर्ट नहीं मिले. टीम के निरीक्षण और जांच रिपोर्ट में अस्पताल और उनमें संचालित आईसीयू मानकविहीन मिलने से अस्तपाल संचालकों में खलबली मच गई. निरीक्षण में तीन अस्पातल बिना अनुमति आईसीयू संचालित किए जा रहे थे. जिस पर 85 अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी किए हैं.

आगरा जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 2025-30 के लिए 1251 चिकित्सकीय संस्थान पंजीकृत किए हैं. जिसमें 496 अस्पताल, 150 पैथोलॉजी लैब डायग्नोस्टिक सेंटर और 605 क्लीनिक शामिल हैं. लगातार फर्जी अस्पताल और उपचार के दौरान कई अस्पतालों के आईसीयू में मरीजों की मौत के साथ ही इलाज में लापरवाही की शिकायतें मिली रही थीं. इस पर आगरा सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने अस्पतालों की जांच के लिए 15 टीमें बनाई हैं. जो लगातार पंजीकृत अस्पतालों का निरीक्षण करके रिपोर्ट तैयार कर रही हैं.
UP News; 140 अस्पताल की निरीक्षण, मिली खामियां और खानापूर्ति
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की 15 टीमों ने 496 अस्पतालों में से अभी महज 140 अस्पतलों का निरीक्षण किया. जिसमें खामियां और खानापूर्ति मिली हैं. टीम को 40 अस्पतालों में संचालित आईसीयू में तमाम कमियां मिलीं. आईसीय में वेंटिलेटर था. मगर, वो खराब था. आईसीयू में बाइपैप मशीन और सेंट्रल ऑक्सीजन सिस्टम नहीं था. सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि आईसीयू में मरीज भी भर्ती मिले. आईसीयू एक्सपर्ट नहीं मिले. तीन अस्पताल में बिना अनुमति आईसीयू था. जांच में 12 अस्पतालों में स्वीकृति से अधिक बेड मिले. मेडिकल वेस्ट के निस्तारण की की व्यवस्था नहीं थी. चिकित्सक के चैंबर और प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे नहीं मिले.

15 दिन में खामियां दूर करने के निर्देश
आगरा सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में पंजीकृत अस्पतालों का निरीक्षण कर रही स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तमाम खामियां मिली हैं. 40 अस्पतालों के आईसीयू मानकविहीन मिले हैं. अस्पतालों में सभी मानक पूरे करने के लिए 85 अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी किए हैं. जिसमें 15 दिन में आईसीयू में मिली सभी खामियां दूर करने के निर्देश दिए हैं. इसका वीडियो बनाकर संचालक को भेजना है. जिसकी जांच कराई जाएगी. यदि तय समय में मानक पूरे नहीं किए गए तो अस्पताल का लाइसेंस निलंबित किया जाएगा.
