Diabetes Alert: आज तेजी से लोगों को मधुमेह रोग चपेट में ले रहा है. यदि आपके जननांगों में खुजली, भूख-प्यास ज्यादा तो मधुमेह की जांच जरूर कराएं.
आगरा, उत्तर प्रदेश.
Diabetes Alert: भूख-प्यास ज्यादा लग रही है. वजन कम हो रहा है. झनझनाहट और जननांगों में खुजली हो रही है तो सतर्क हो जाएं. ये ही मधुमेह के प्रारंभिक लक्षण हैं. इन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करें और तत्काल विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श लेकर खून की जांच कराएं. ‘डॉक्टर की सलाह’ में आज हमारे अथिति आगरा के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. बीके अग्रवाल हैं. जिनसे जानते हैं कि मधुमेह की जांच कब करानी चाहिए.

वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. बीके अग्रवाल बताते हैं कि फास्टफूड के सेवन और खराब दिनचर्या से लोगों का वजन तेजी से बढ़ रहा है. जिससे ही लोग मधुमेह की चपेट में आ रहे हैं. आज की बात करें तो 25-30 की उम्र के युवाओं में भी मोटापा के संग मधुमेह की बीमारी मिल रही है. कई बार शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करने से बीमारी गंभीर हो जाती है. वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. बीके अग्रवाल की सलाह है कि प्रारंभिक लक्षणों के दिखने पर ही जांच करानी चाहिए. यदि मधुमेह हैं तो सही उपचार कराएं. समय से दवाएं लें और दिनचर्या सुधार करें. यदि आप मोटापे के शिकार हैं तो मधुमेह की बीमारी से बचाने के लिए रोजाना एक्सरसाइज करें. जिससे बीमारी से बच जाएंगे.
Diabetes Alert: भोजन में 400 से 500 कैलोरी कम करें
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. बीके अग्रवाल बताते हैं कि जो मोटापा का शिकार हैं. जो लोग देर रात तक जागते हैं या फिर परिवार में किसी को मधुमेह की बीमारी है तो ऐसे लोग अपने भोजन में 400 से 500 कैलोरी कम कर दें. मैदा से बनी और तली हुई सामग्री खाने से बचें. अपनी आदत में जल्दी सोने और सुबह मॉर्निंग वॉक और एक्सरसाइज की आदत डालें. पौष्टिक भोजन करें.
इन बातों का रखें ध्यान
- रोजाना 45 मिनट तेज गति से टहलें.
- अपना वजन नियंत्रित रखें.
- रोजाना 7-8 घंटे नींद लें.
- फास्टफूड खाने से परहेज करें.
- कोल्डड्रिंक और जूस भी कम पिएं.
- रोजाना तले भोजन करने से बचें.
- हर 6 महीने में मधुमेह की जांच कराएं.
- हरी सब्जी, फल और सलाद अधिक खाएं.
- खाने में मोटा अन्न खाएं.
