World Pneumonia Day पर यूपी से अच्छी खबर है. प्रदेश में बच्चों को निमोनिया से बचाने वाली PCV वैक्सीन का टीकाकरण कवरेज 98 फीसदी पहुंच गया है. जानें वैक्सीन की खुराक और बच्चों के लिए इसके फायदे.
लखनऊ/आगरा, उत्तर प्रदेश.
World Pneumonia Day: देश में पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों में खासकर शिशुओं के लिए निमोनिया गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है. सर्दियों के मौसम में ठंड और वायु प्रदूषण के कारण बच्चों में श्वसन संबंधी संक्रमण और निमोनिया का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में बच्चों को इस गंभीर बीमारी से बचाने में न्यूमोकोकल कॉन्जुगेट वैक्सीन (पीसीवी) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. प्रदेश में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत पीसीवी की निर्धारित खुराकों का कवरेज लगभग 98 प्रतिशत पहुंच चुका है.
आज विश्व निमोनिया दिवस (World Pneumonia Day) है. इस दिन यूपी से अच्छी खबर है. राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि यूपी ने वर्ष 2017 में ही पीसीवी टीकाकरण की शुरुआत हुई थी. शुरूआती से ही इसे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश में लागू किया गया. सन 2020 तक प्रदेश के सभी जिलों में पीसीवी टीकाकरण का विस्तार कर दिया गया. इसके बाद सन 2021 में पीसीवी को देशभर के नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल हुआ. वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्रदेश में पूर्ण टीकाकरण का कवरेज 99.41 प्रतिशत दर्ज किया गया. पीसीवी टीकाकरण के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग 57,21,205 बच्चों को पहली खुराक, 55,62,351 बच्चों को दूसरी खुराक तथा 57,39,982 बच्चों को बूस्टर खुराक दी गई.
इस साल में यहां तक पहुंचा टीकाकरण
राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर तक लगभग 26,75,428 बच्चों को पहली खुराक, 26,44,619 बच्चों को दूसरी खुराक तथा 27,84,459 बच्चों को बूस्टर खुराक दी जा चुकी है. ग्लोबल एलायंस फॉर वैक्सीन्स एंड इम्यूनाइजेशन की हालिया रिपोर्ट के अनुसार भारत में पीसीवी टीकाकरण का कवरेज वर्ष 2019 में 56 प्रतिशत था, जो बढ़कर वर्ष 2025 में 80 प्रतिशत हो गया है.
